प्यास बुझाने उतरी नीलगायों के लिए ''काल'' बनी नहर, गोगड़ीपुर नहर में बहीं 7 नीलगाय... 4 की मौत
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 10:52 AM (IST)
घरौंडा (करनाल) : मधुबन थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोगड़ीपुर नहर के पास मंगलवार दोपहर बड़ौता क्षेत्र से नहर में बहकर आई 7 नीलगायों में से 4 की मौत हो गई जबकि एक को स्थानीय लोगों और गौरक्षकों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं 2 अन्य नीलगाय तेज बहाव के साथ आगे निकल गईं जिनकी तलाश की जा रही है।
मधुबन थाने के सब-इंस्पैक्टर लछमन सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नहर में र में कई नीलगाय बहती हुई य बहती हुई आ रही हैं जिनमें कुछ जीवित भी हो सकती हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गोगड़ीपुर गांव के लोगों तथा गौरक्षकों की सहायता से रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहर का बहाव काफी तेज था जिस कारण नीलगाय स्वयं बाहर नहीं निकल सकीं। ऊंची दीवारों और फिसलन के चलते स्थिति और गंभीर हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृत नीलगायों को बाहर निकालने के बाद बड़ौता क्षेत्र में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। पूरी प्रक्रिया पुलिस की निगरानी में सम्पन्न करवाई गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि नीलगाय पानी पीने के दौरान नहर में गिर गई होंगी। नहर की ऊंची दीवारों और तेज बहाव के कारण वे बाहर नहीं निकल सकीं और बहते हुए गोगड़ीपुर क्षेत्र तक पहुंच गईं।