आज रेल यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें, दिल्ली में CJP प्रदर्शन के चलते फरीदाबाद से गुजरने वाली 7 ट्रेनें रद्द...यहां देखे लिस्ट
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 09:28 AM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसका असर दिल्ली मेट्रो और रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन के सात स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। वहीं, फरीदाबाद में दिल्ली बॉर्डर सहित दूसरे जिलों और राज्यों से लगने वाले आठ स्थानों पर पुलिस ने नाके लगाए हैं। यहां वाहनों की जांच की जा रही है। दिल्ली जाने वाले कुछ युवाओं को वापस भेजे जाने की भी सूचना है। ऐसे में फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
फरीदाबाद से गुजरने वाली सात ट्रेनें रद्द
प्रदर्शन के चलते फरीदाबाद से होकर गुजरने वाली सात ट्रेनों को रद्द किए जाने की जानकारी दी गई है। इनमें इंदौर से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 12415 और वापसी सेवा 12416 शामिल हैं। जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12189 और वापसी सेवा 12190 भी रद्द की गई हैं। इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन संख्या 12247 और वापसी सेवा 12248 प्रभावित रहेंगी। आगरा कैंट से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 14211 भी रद्द की गई ट्रेनों की सूची में शामिल है। ट्रेनों के रद्द होने से फरीदाबाद से दिल्ली और अन्य शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को रेलवे स्टेशन जाने से पहले NTES या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों पर अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।
शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे सात मेट्रो स्टेशनों के गेट
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के जामा मस्जिद, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, जंगपुरा और लाजपत नगर मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद किए गए हैं। इन पर शाम 6 बजे तक प्रतिबंध रहने की जानकारी दी गई है। यात्रियों को घर से निकलने से पहले मेट्रो की ताजा एडवाइजरी जांचने की सलाह दी गई है। हालांकि, स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद होने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेनें भी पूरी तरह बंद हैं। यात्रियों को वैकल्पिक स्टेशन, इंटरचेंज और सड़क मार्ग के विकल्पों को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनानी होगी।
दिल्ली बॉर्डर समेत आठ जगहों पर पुलिस के नाके
प्रदर्शन को लेकर फरीदाबाद पुलिस भी सतर्क है। दिल्ली बॉर्डर सहित अन्य जिलों और राज्यों से जुड़ने वाले आठ स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। दिल्ली जाने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कार से दिल्ली जा रहे कुछ युवाओं को वापस भेजा जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के चलते दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की जरूरत पड़ सकती है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन का केंद्र दिल्ली का जंतर-मंतर है। CJP और सहयोगी संगठनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। आयोजकों ने करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने का दावा किया है। इन आरोपों को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है। इसके बावजूद आयोजकों ने प्रदर्शन करने की घोषणा की है। सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली के मध्य हिस्से में यातायात प्रभावित होने और जाम लगने की आशंका है।