फरीदाबाद में गैंगवार जैसा माहौल! मामूली विवाद के बाद जमकर चली गोलियां, गाड़ियों में तोड़फोड़ से सहमे लोग

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 10:29 AM (IST)

फरीदाबाद(अनिल राठी): संजय कॉलोनी में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब आपसी विवाद के बाद दबंगों ने सरेआम गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गली में हुई 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस खूनी संघर्ष के दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद सड़क या गली से सरिया और कांटा हटाने को लेकर शुरू हुआ था। इसको लेकर दुकानदार और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि बहस के बाद कथित तौर पर दुकानदार पक्ष की तरफ से बाहरी लोगों को मौके पर बुला लिया गया।

आरोप है कि मौके पर पहुंचे लोगों ने स्थानीय निवासियों के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इसके साथ ही गली में खड़ी 3-4 गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। दहशत फैलाने के लिए 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकानदार अपनी दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग करने वाले और उपद्रव मचाने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static