पेपर सॉल्वर गैंग के 70 सक्रिय सदस्यों का पता लगाया, हो सकती हैं कई गिरफ्तारियां
punjabkesari.in Tuesday, Dec 21, 2021 - 10:50 AM (IST)

सोनीपत: पेपर सॉल्वर गैंग मामले में एस.टी.एफ. जांच का दायरा लगातार बढ़ा रही है। गैंग के सरगना से पूछताछ के दौरान कई सुराग सामने आए हैं। 70 ऐसे सक्रिय सदस्यों की डिटेल एस.टी.एफ. के हाथ लगी है, जो पेपर सॉल्वर मामले में सीधे तौर शामिल हैं। एस. टी.एफ. ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। टीम ने आरोपी को सभी 19 लैब में ले जाकर निशानदेही कराई है और वहां एफ. एस. एल. को ले जाकर सबूत जुटाए हैं। अब एफ.एस.एल. और साइबर एक्सपर्ट की टीम मिलकर कंप्यूटर व अन्य डिवाइस की जांच करेगी।
एस.टी.एफ. सोनीपत ने पेपर सॉल्वर गैंग के सरगना गांव शामड़ी निवासी रोबिन को गिरफ्तार कर सात दिन के रिमांड पर ले रखा है। दिल्ली पुलिस में सिपाही रोबिन आठ साल से पेपर सॉल्चर गैंग चला रहा है। वह ऑनलाइन परीक्षा में किराए पर लैब लेकर कंप्यूटर स्क्रीन हैक कर गड़बड़झाला करता था। आरोपी ने एस. टी. एफ. की पूछताछ में गंग के 70 सक्रिय सदस्यों की जानकारी दी है। उनके बारे में पूरी जानकारी मिलने के बाद एस.टी.एफ. ने उनकी तलाश में दबिश बढ़ा दी है।
एस.टी.एफ. का कहना है कि कई सदस्यों के बारे में काफी सटीक जानकारी मिल चुकी है। उन्हें जल्द काबू कर लिया जाएगा। इतना ही नहीं कंप्यूटर हैक कर युवाओं को नौकरी लगवाने वाले गैंग सरगना रोबिन की निशानदेही पर एस.टी.एफ. ने 19 लैब की एफ.एस.एल. से जांच करवाई है। टीम ने वहां से जरूरी सबूत एकत्रित किए हैं। इंस्पैक्टर सतीश ने बताया कि गैंग सरगना की निशानदेही पर 19 लैब चिन्हित की गई हैं। उन लैब से इलैक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लिए गए है। साइबर एक्सपर्ट उपकरणों की जांच करेंगे। जांच के बाद काफी अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। गैंग के 70 सक्रिय सदस्यों का पता लग चुका है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)