डाक कावड़ ने थाम दिए वाहनों के पहिएं, एक्सप्रेसवे पर लगा 8 KM लंबा जाम

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 10:13 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): महाशिवरात्रि पर अपने आराध्य शिव का जलाभिषेक करने के लिए आज सुबह से ही डाक कावड़ गुड़गांव में प्रवेश करना शुरू कर गई। दोपहर होने तक डाक कावड़ियों की संख्या लगातार बढ़ने लगी जिसके कारण ट्रैफिक व्यवस्था चरमराने लगी। शाम होने तक शहर में जाम लगना शुरू हो गया। खास तौर पर गुड़गांव जयपुर एक्सप्रेसवे सहित सोहना रोड पर भी वाहनों के पहिएं थम गए। देर शाम तक शहर में करीब 8 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा गया जिन्होंने यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

मंगलवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कावड़िए लगातार गुड़गांव के रास्ते अपने गंतव्य का रुख कर रहे हैं। दिल्ली के रास्ते गुड़गांव से होते हुए रेवाड़ी, अलवर सहित दूसरे जिलों व राज्यों में जाने वाले डाक कावड़ियों की संख्या लगातार बढ़ने लगी। देर शाम होने तक कावड़िए समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास करते रहे। शाम को ऑफिसों की छुट्टी होने के बाद सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और कावड़िए सड़क के बीच तक पहुंच गए जिसके कारण वाहनों के पहिए थम गए। देर शाम होने तक खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार लगने लगे। देखते ही देखते यह कतार कुछ ही देर में इफको चौक तक पहुंच गई। इस जाम में वाहन चालक रेंगते नजर आए। इस जाम से आवश्यक सामग्री के वाहनों सहित एंबुलेंस को भी जूझना पड़ा। हालांकि कावड़ियों के लिए अलग लेन बनाई गई, लेकिन डाक कावड़ लेकर आने वाले कावड़िए इस लेन से दूर ही रहे। 

 

वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुड़गांव पुलिस भी हरकत में आ गई ओर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तुरंत ही मैदान में उतार दिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने वाहनों की लंबी कतार को कम करने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट किया तो कुछ स्थानों पर कावड़ियों को एक लेन में समेटा ताकि वाहनों को गति मिल सके और जाम की स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस की मानें तो सोहना रोड पर राजीव चौक से बादशाहपुर तक वाहनों की गति धीमी रही, लेकिन वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा। समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static