HTET परीक्षा में आधार कार्ड भूल आई थी अभ्यर्थी, थाना प्रभारी ने सरकारी गाड़ी से थाने ले जाकर निकलवाई कॉपी... बचा साल

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 12:20 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती ): हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दौरान रविवार को रेवाड़ी पुलिस का संवेदनशील और मददगार चेहरा देखने को मिला। अहीर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी के दौरान सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह और उनकी टीम ने आधार कार्ड घर पर भूल आई एक महिला अभ्यर्थी की मदद कर उसका परीक्षा वर्ष खराब होने से बचा लिया। जानकारी के अनुसार महिला अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए अहीर कॉलेज पहुंची थी, लेकिन वह अपना मूल आधार कार्ड घर पर ही भूल आई।

परीक्षा केंद्र के नियमों के अनुसार बिना पहचान पत्र के उसे प्रवेश नहीं मिल रहा था। वहीं, एचटेट परीक्षा के चलते आसपास के सभी साइबर कैफे और फोटोकॉपी की दुकानें बंद थीं। ऐसे में वह मायूस होकर इधर-उधर मदद की तलाश में भटक रही थी और परीक्षा छूटने की चिंता से परेशान थी। महिला अभ्यर्थी की परेशानी देखकर ड्यूटी पर तैनात सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह तुरंत एक्शन में आए। उन्होंने बिना देर किए अभ्यर्थी को पुलिस वाहन से सिटी थाना पहुंचाया, जहां पुलिस थाने के सिस्टम से उसके आधार कार्ड की कॉपी निकलवाकर उपलब्ध कराई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे समय रहते वापस अहीर कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचाया, जिससे वह परीक्षा में शामिल हो सकी।

रेवाड़ी पुलिस की इस त्वरित मदद से मायूस अभ्यर्थी के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई। समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद महिला अभ्यर्थी ने रेवाड़ी पुलिस और विशेष रूप से सिटी थाना प्रभारी का आभार व्यक्त किया।

उसने कहा कि आधार कार्ड भूल जाने और आसपास सभी दुकानें बंद होने के कारण उसे लग रहा था कि उसकी परीक्षा छूट जाएगी, लेकिन रेवाड़ी पुलिस की तत्परता और सहयोग से वह समय पर परीक्षा दे सकी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आम नागरिकों की सहायता करना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम का यह कार्य विभाग के "सेवा, सुरक्षा और सहयोग" के संकल्प को साकार करता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static