बस स्टैंड विवाद: बस खड़ी करने को लेकर रोडवेज इंचार्ज और निजी बस परिचालक में मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 07:36 PM (IST)
महेंद्रगढ़(प्रदीप बालरोडिया): महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर बस खड़ी करने को लेकर निजी बस परिचालक और हरियाणा रोडवेज के बस अड्डा इंचार्ज के बीच गंभीर विवाद का मामला सामने आया है। स्थिति इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने सिटी थाना पुलिस में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत देकर मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
निजी बस के परिचालक छाजूराम ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब वह बस स्टैंड पर अपनी बस खड़ी कर रहा था, तब बस अड्डा इंचार्ज हरिकिशन ने उसे रोक लिया। छाजूराम के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो इंचार्ज ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि डंडे से उसके पैर पर वार भी किया गया।
दूसरी ओर, बस अड्डा इंचार्ज हरिकिशन ने अपनी शिकायत में बताया कि निजी बस को मुख्य रास्ते पर आड़ी-तिरछी खड़ा किया गया था, जिससे अन्य सरकारी बसों के आने-जाने में भारी बाधा उत्पन्न हो रही थी। जब उन्होंने परिचालक को रास्ता खाली करने और बस सही से लगाने के लिए कहा, तो उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई की गई। हरिकिशन ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी गई, उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए और जान से मारने की धमकी दी गई।
इंचार्ज हरिकिशन ने जानकारी दी कि पूर्व में हुए एक हादसे के कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है और वे लाठी के सहारे चलते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ बस स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल सिटी थाना पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।