(PICS) खेत के कमरे में सफाई कर रहे किसान के सामने मौत का फन फैलाए बैठा था कोबरा, 15 मिनट चला जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन
punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 03:25 PM (IST)
यमुनानगर(परवेज खान): यमुनानगर में खेत के कमरे की सफाई कर रहे किसान के सामने अचानक मौत का फन फैलाए करीब चार फीट लंबा काला कोबरा आ गया। मलिकपुर बांगर गांव में खेत के कमरे के अंदर कोबरा इस कदर फुफकार रहा था कि वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। गनीमत रही कि किसान की नजर समय रहते सांप पर पड़ गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि किसान वीरेंद्र खेत में बने कमरे की साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान कमरे के अंदर उसे काला कोबरा दिखाई दिया। सांप लगातार जोर-जोर से फुफकार रहा था।

खतरनाक स्थिति को देखते हुए किसान ने खुद सांप को पकड़ने की कोशिश नहीं की, बल्कि तुरंत वाइल्डलाइफ विभाग से संपर्क किया। किसान वीरेंद्र के मुताबिक, सूचना देने के करीब 30 मिनट बाद वाइल्डलाइफ विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

इसके बाद शुरू हुआ सांप को काबू करने का लंबा और जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशनवाइल्डलाइफ कर्मचारी मोहित के मुताबिक, करीब 15 मिनट तक चले रेस्क्यू के बाद काले कोबरा को सुरक्षित तरीके से काबू कर लिया गया। उन्होंने बताया कि यह सांप खतरनाक हो सकता है और इसके सामने लापरवाही करना भारी पड़ सकता है।

सोचिए, अगर सफाई के दौरान किसान की नजर इस जहरीले सांप पर नहीं पड़ती, तो क्या हो सकता था। खेतों में बने कमरे, कच्चे मकान और आसपास जमा सामान अक्सर सांपों के छिपने की जगह बन जाते हैं। ऐसे में सफाई करते समय खास सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

मलिकपुर बांगर में काले कोबरा के इस रेस्क्यू ने एक बार फिर साफ कर दिया कि बारिश और मानसून के मौसम में खेतों और सुनसान कमरों में खतरा छिपा हो सकता है। किसान की सतर्कता और समय पर वाइल्डलाइफ विभाग को दी गई सूचना ने इस बार उसकी जान बचा ली।