कुरुक्षेत्र में किन्नर समाज के दो गुटों में ''एरिया'' और ''बधाई'' पर छिड़ी जंग, एसपी ऑफिस पहुंची शिकायत
punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 11:21 AM (IST)
कुरुक्षेत्र: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में किन्नर समुदाय के दो पक्षों के बीच बधाई मांगने के इलाके (एरिया) और वर्चस्व को लेकर विवाद गहरा गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। मामला इतना बढ़ गया है कि एक पक्ष ने कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पहले पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग उनके निर्धारित एरिया में जबरन घुसकर बधाई और नेग ले रहे हैं। इसके चलते दोनों गुटों में लंबे समय से तनातनी की स्थिति बनी हुई थी, जो अब खुलकर सामने आ गई है। वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष ने भी पलटवार करते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है और उलटा उनके अधिकार क्षेत्र (टेरिटरी) में दखल देकर काम बाधित करने की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन पर टिकी नजरें
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू होने से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एसपी कार्यालय में शिकायत पहुंचने के बाद अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन इस संवेदनशील मामले को कैसे सुलझाता है और क्या कार्रवाई अमल में लाता है।