कुरुक्षेत्र में सफाई कर्मियों और दुकानदारों में हुआ हंगामा, नालों से निकाला कूड़ा वापस फेंका; दी ये चेतावनी...

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 08:03 AM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोर) :  कुरुक्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब उग्र रूप लेती दिखाई दे रही है। शहर के बाजारों में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब दुकानदारों द्वारा अवरुद्ध नालों से निकलवाए जा रहे कूड़े को सफाई कर्मियों ने रुकवा दिया। आरोप है कि कर्मचारियों ने बाहर निकाला गया कूड़ा वापस नालों में फेंक दिया। इस दौरान दुकानदारों और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हुई तथा हालात संभालने के लिए पुलिस को भी मौके पर पहुंचना पड़ा।

गौरतलब है कि अपनी लंबित मांगों को लेकर नगर निकाय के सफाई कर्मचारी पिछले 29 दिनों से हड़ताल पर हैं। गुरुवार को कर्मचारियों को सूचना मिली कि शहर के कुछ बाजारों में दुकानदार अपने स्तर पर अवरुद्ध नालों की सफाई करवा रहे हैं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और सफाई का काम रुकवा दिया। आरोप है कि नालों से बाहर निकाला गया कूड़ा-कचरा भी कर्मचारियों ने दोबारा नालों में फेंक दिया। इसे लेकर दुकानदारों और कर्मचारियों के बीच जमकर बहस हुई। हंगामा बढ़ता देखकर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन कर्मचारियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि हड़ताल के दौरान यदि बाजारों में नालों की सफाई या कचरे का उठान कराया गया, तो इसका विरोध किया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक वे न स्वयं कचरा उठाएंगे और न ही किसी अन्य को कचरा उठाने देंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static