रेवाड़ी में स्कूल बस और कार की भीषण टक्कर, 2 युवकों की मौत, मौके पर मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 07:06 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव मोहनपुर के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की बस और एक कार की आमने-सामने टक्कर में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 40 बच्चे बाल-बाल बच गए। 

हादसा उस समय हुआ जब स्कूल बस बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। स्कूल से निकलने के कुछ ही दूरी पर अचानक संतुलन बिगड़ने से कार कई बार पलटी खा गई, वहीं स्कूल बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बस पेड़ में धंस गई। हादसे में कार सवार गांव जैतडावास निवासी करीब 25 वर्षीय जितेंद्र और सचिन की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक एनएच-48 से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। वहीं बस में सवार बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बस चालक को गंभीर चोटें लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। बावल थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां दो परिवारों के चिराग बुझ गए, वहीं दूसरी ओर दर्जनों बच्चों की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि हादसे की असल वजह सामने आ सके।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static