रेवाड़ी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार टक्कर, 2 की मौत; धार्मिक कथा में शामिल होने जा रहे थे दोनों

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 11:51 AM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : हरियाणा के रेवाड़ी शहर में सोमवार सुबह झज्जर चौक पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोकलगेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। 

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 18 वर्षीय किशन और 50 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है। किशन मूल रूप से राजस्थान के कंकड़वाला गांव का निवासी था और पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ रेवाड़ी की पुष्पा वाटिका कॉलोनी में रह रहा था। वहीं, नरेंद्र पटौदी के निकट स्थित दादावास गांव का निवासी था। दोनों सोमवार सुबह एक धार्मिक कथा में शामिल होने के लिए बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृष्ण के पिता पूजा-पाठ कराने का कार्य करते हैं। वे किसी दूसरे गांव में धार्मिक अनुष्ठान कराने गए हुए थे और सुबह घर लौटने वाले थे। उनकी अनुपस्थिति में कृष्ण कथा में शामिल होने के लिए निकला था। जैसे ही उनकी बाइक पुष्प वाटिका से आगे झज्जर चौक के पास पहुंची, झज्जर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बाइक को काफी दूर तक अपने साथ घसीटता हुआ ले गया। 

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस और गोकलगेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static