कुरुक्षेत्र में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लॉ छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 08:50 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : जिले में एक लॉ की छात्रा ने युवक पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने अदालत की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता युवती के अनुसार वह लॉ की पढ़ाई कर रही है तथा उसके पिता भारतीय सेना में अधिकारी हैं। युवती ने आरोप लगाया कि गत वर्ष 14 नवंबर को नितिन नामक युवक ने उसे एक निजी कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसी बहाने आरोपी ने उसे जरूरी दस्तावेज लेकर शाहाबाद स्थित एक होटल में बुलाया।
पीड़िता का आरोप है कि होटल पहुंचने पर आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। युवती का कहना है कि इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब उसने इस घटना की जानकारी आरोपी के परिवार को दी तो उन्होंने उसका साथ देने के बजाय आरोपी का समर्थन किया। युवती ने आरोप लगाया कि गत माह आरोपी उसे अपने घर के अंदर खींचकर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्द कहकर उसका अपमान किया गया।
पीड़िता के अनुसार उसने पहले शाहाबाद पुलिस तथा बाद में कुरुक्षेत्र पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत में याचिका दायर कर मामला दर्ज करने की मांग की। अदालत के निर्देश पर अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना शाहाबाद प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि अदालत के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। युवती को मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया है तथा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)