कुरुक्षेत्र में खेत में बिजली के खंभे लगाने को लेकर विवाद: किसान ने खुद को लगाई आग, 35-40% झुलसा... ICU में भर्ती

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 06:26 PM (IST)

गुहला/चीका(कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव धुराला में खेत में बिजली के खंभे लगाने को लेकर चल रहा विवाद गंभीर रूप ले गया। विरोध के दौरान किसान जगपाल सिंह ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर निगरानी रख रहे हैं। परिजनों के अनुसार, किसान के शरीर का करीब 35 से 40 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है।

खंभे लगाने को लेकर चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, जगपाल सिंह के खेत में पहले ही बिजली निगम के चार खंभे लगाए जा चुके थे। इसके बाद पड़ोसी चरणजीत सिंह के घर तक बिजली लाइन पहुंचाने के लिए तीन और खंभे लगाए जा रहे थे। जगपाल इसका विरोध कर रहा था। परिवार का दावा है कि उसके विरोध के बावजूद खंभे लगाने का काम नहीं रोका गया और बिजली लाइन पड़ोसी के घर तक पहुंचा दी गई। जगपाल के हिस्से में करीब आधा एकड़ जमीन आती है।

विवाद के बाद खुद को लगाई आग

परिजनों के मुताबिक, खेत में खंभे लगाने के विरोध के बावजूद काम जारी रहने से जगपाल परेशान था। इसी दौरान उसने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। उसकी बहन प्रीतो ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिस दौरान उसके हाथ भी झुलस गए। परिवार ने बताया कि जगपाल के शरीर का करीब 35 से 40 प्रतिशत हिस्सा झुलसा है।

बिजली निगम ने लगाए आरोपों को बताया बेबुनियाद

बिजली निगम के एसडीओ संदीप कुमार ने परिवार के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। वहीं, थाना झांसा की एसएचओ कुलबीर कौर के अनुसार, निगम की ओर से मिली शिकायत की पुलिस जांच कर रही है। मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है।

एसपी से शिकायत, डीएसपी को सौंपी गई जांच

परिवार के अनुसार, इस विवाद को लेकर करीब छह महीने पहले अदालत में मामला दायर किया गया था, जिसकी अगली सुनवाई चार नवंबर को होनी है। परिजनों ने आरोप लगाया कि अदालत में मामला लंबित होने के बावजूद खेत में खंभे लगाने का काम जारी रखा गया। परिवार ने बिजली निगम के एसडीओ, जेई और पड़ोसी के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच शाहाबाद के डीएसपी को सौंपी गई है।

सरकारी काम रोकने के आरोप पर भी जांच

बिजली निगम के एसडीओ संदीप कुमार ने जगपाल पर सरकारी काम रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। वहीं, परिवार का कहना है कि जगपाल खेत में खंभे लगाए जाने का विरोध कर रहा था। थाना झांसा पुलिस के अनुसार, निगम की शिकायत की जांच की जा रही है। मामले में सामने आए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static