आस्तीन का सांप निकला दुकान का नौकर! बच्चे के अपहरण का ड्रामा कर मांगी फिरौती...पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 04:23 PM (IST)
सिरसा : शहर के सी ब्लाक क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर 70 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि अपहरण की पूरी साजिश बच्चे को रोज ट्यूशन छोड़ने जाने वाले युवक ने ही रची थी। आरोपित ने खुद को भी बंधक दिखाकर पुलिस और परिवार को गुमराह करने का प्रयास किया।
डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी राजेश कुमार की सुरतगढ़िया चौक पर किताबों की दुकान है। उनकी दुकान पर करीब तीन वर्षों से चतरगढ़ पट्टी निवासी सौरभ काम करता था। सौरभ ही राजेश के 12 वर्षीय बेटे को प्रतिदिन बाइक पर ट्यूशन छोड़ने जाता था। वीरवार शाम करीब पांच बजे सौरभ बच्चे को ट्यूशन छोड़ने के लिए निकला था।
आरोप है कि सी ब्लाक क्षेत्र में एक नैनो कार ने बाइक को रोक लिया। कार में सवार तीन नकाबपोश युवकों ने सौरभ और बच्चे को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद दोनों की आंखों पर कपड़ा बांध दिया गया और परिवार से वाट्सएप काल के जरिए 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पूरी वारदात पूर्व नियोजित थी। बच्चे को शक न हो, इसके लिए सौरभ ने खुद को भी पीड़ित दिखाने के लिए बेहोश होने का नाटक किया। पुलिस ने तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई करते हुए जेजे कालोनी पुलिस चौकी की टीम के माध्यम से मुख्य आरोपित चत्तरगढ़पट्टी निवासी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया।