झज्जर में मानसिक रूप से परेशान युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- पापा मुझे माफ करना मैं कामयाब नहीं हो पाया
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 01:41 PM (IST)
झज्जर (दिनेश मेहरा) : झज्जर शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने घर में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दी है। वहीं मृतक युवक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कमल पुत्र मुकेश छावनी मोहल्ला झज्जर शहर के रूप में हुई है। मृतक हाल में मानेसर में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वहीं काफी दिनों से नौकरी को लेकर ही वह परेशान चल रहा था। सुसाइड नोट में युवक ने पिता के नाम संदेश लिखा है। युवक ने लिखा कि पापा मुझे माफ करना मैं कामयाब नहीं हो पाया।
कामयाब नहीं होने पर उठाया यह कदम
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल नवीन कुमार ने बताया कि जानकारी मिली थी कि सुबह करीब 7 बजे कमल के पिता कमरे में उठाने गए थे। उस समय दरवाजा न खोलने पर खिड़की से देखा तो उसने फांसी लगा रखी थी। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक ने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह कामयाब नहीं हो पाया और यह कदम उठाने जा रहा है। उसने लिखा कि पापा मैं कामयाब नहीं हो पाया। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक युवक नौकरी को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। फिलहाल पिता के बयान पर कागजी कार्रवाई कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)