यहां 32 लाख रुपये की लागत से बनेगा मिनी पार्क, जनता के पैसे के काम, जनता से ही उद्घाटन....

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 04:09 PM (IST)

बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़): बहादुरगढ़ में नगर परिषद शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में झज्जर रोड स्थित सेक्टर-2 मोड़ पर करीब 32 लाख रुपये की लागत से एक मिनी पार्क बनाया जाएगा। पार्क के साथ महाराजा सूरजमल की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, वहीं हाईमास्ट लाइट और बड़ा तिरंगा झंडा लगाने की भी योजना है। आने वाले समय में यहां लोगों के लिए ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

झज्जर रोड के इस मोड़ पर इससे पहले अशोक स्तंभ से प्रेरित शेरों की प्रतिमा वाला राष्ट्रीय चिन्ह भी लगाया जा चुका है, जिससे क्षेत्र का आकर्षण बढ़ा है। वार्ड-26 के पार्षद बलराम दलाल उर्फ मिंटू पहलवान ने पार्क निर्माण कार्य का शुभारंभ वार्ड के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति मास्टर सुखबीर सांगवान से नारियल तुड़वाकर करवाया। इस मौके पर मिंटू पहलवान ने कहा कि नगर परिषद के पार्षदों ने एक नई मुहिम शुरू की है, जिसके तहत जनता के पैसों से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ और उद्घाटन जनता से ही करवाया जाएगा। उन्होंने अन्य नेताओं से भी अपील की कि विकास कार्यों का श्रेय लेने के बजाय जनता को सम्मान दिया जाए।

उन्होंने बताया कि वार्ड-26 में फिलहाल करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं और जल्द ही एक करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों के टेंडर भी लगाए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static