सोनीपत में चलती कार में लगी आग,ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान... शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 06:27 PM (IST)

सोनीपत: शहर के व्यस्त क्षेत्रों में शामिल सारंग रोड पर बुधवार उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती इको वैन में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। सड़क पर उठती लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

गनीमत यह रही कि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। स्थानीय लोगों ने भी मानवता का परिचय देते हुए आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारंग रोड की है। HR-10 AZ-8777 नंबर की इको गाड़ी में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं लपटों में बदल गया और पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। जानकारी के मुताबिक मुरथल के जैनपुर टकोला गांव के रहने वाले विक्की अपने गांव से सोनीपत रेलवे स्टेशन की ओर आ रहा था। सारंग रोड पर पहुंचते ही गाड़ी में तकनीकी खराबी के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। ड्राइवर ने तुरंत हालात भांपते हुए गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static