हरियाणा के लिए गौरव का पल, नवनीत कौर ‘प्लेयर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित, 5वीं कक्षा से शुरु किया था सफर...

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 07:15 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र की भारतीय महिला हॉकी टीम की उपकप्तान नवनीत कौर को वर्ष 2025 के लिए हॉकी इंडिया द्वारा प्रतिष्ठित बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार (प्लेयर ऑफ द ईयर) से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के साथ उन्हें 20 लाख रुपये की नकद राशि भी प्रदान की गई। यह अवार्ड उन्हें पूरे वर्ष के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दिया गया।

नवनीत कौर ने विशेष रूप से वर्ल्ड कप क्वालीफायर में शानदार खेल दिखाते हुए 4 महत्वपूर्ण गोल किए, जिससे टीम को क्वालीफाई करने में अहम सफलता मिली। अपने इस सम्मान को उन्होंने अपने एकेडमी कोच बलदेव सिंह को समर्पित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं।

नवनीत ने कहा कि ‘प्लेयर ऑफ द ईयर’ बनना उनके लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुकी है और 1 अप्रैल से प्रशिक्षण शिविर शुरू होंगे। इस वर्ष टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन करना है।

उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि साथियों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। टीम का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है।

आगामी योजनाओं पर बात करते हुए नवनीत ने बताया कि अगस्त में एफ ई एच  विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन नीदरलैंड और बेल्जियम में होगा। इसके लिए टीम प्रशिक्षण शिविर और अभ्यास मैचों के जरिए अपनी तैयारियों को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि टीम अपनी कमजोरियों को दूर कर बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान दे रही है।

उपकप्तान की जिम्मेदारी पर नवनीत ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है। वह हमेशा देश और टीम के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ खेलती आई हैं और आगे भी उसी भावना के साथ खेलती रहेंगी।

नवनीत कौर का सफर

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद की रहने वाली नवनीत कौर ने पांचवीं कक्षा से हॉकी खेलना शुरू किया। कोच बलदेव सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने प्रशिक्षण लिया और यहीं से उनका चयन राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर हुआ। वर्ष 2011 में वह पहली बार जूनियर कैंप में शामिल हुईं और बाद में सीनियर टीम का हिस्सा बनीं। 

प्रमुख उपलब्धियां

2013: जूनियर वर्ल्ड कप में भागीदारी

2017: एशिया कप में स्वर्ण पदक

2018: एशियन गेम्स में रजत पदक, कॉमनवेल्थ गेम्स में चौथा स्थान, वर्ल्ड कप में भागीदारी

2019: ओलंपिक क्वालीफायर और टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा

नवनीत कौर अब तक भारत के लिए 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं और टीम की प्रमुख खिलाड़ियों में लगातार शामिल रही हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)              


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static