सड़क हादसे ने बुझाया घर का चिराग; अज्ञात वाहन ने 9 वर्षीय मासूम को बुरी तरह रौंदा, सदमे में पूरा परिवार
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 03:59 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): पिपली में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मण के रूप में हुई है। वह चौथी कक्षा का छात्र था। हादसा उस समय हुआ जब वह स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने के लिए बाहर निकला था।
परिजनों के अनुसार, लक्ष्मण काफी देर तक घर वापस नहीं आया तो परिवार ने उसकी आसपास तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पिपली बस स्टैंड के सामने जीटी रोड पर एक बच्चे का सड़क हादसा हो गया है और उसे एंबुलेंस से एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र ले जाया गया है।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। वहां डेड हाउस में बच्चे का शव देखकर उन्होंने उसकी पहचान लक्ष्मण के रूप में की। परिजनों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि किसी वाहन की चपेट में आने के बाद बच्चे का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लक्ष्मण के पिता दुधनाथ ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के रहने वाले हैं और पिपली की गुरुद्वारा वाली गली में किराए के मकान में परिवार सहित रहते हैं। वह माली का काम करते हैं। उनके चार बेटे और दो बेटियां हैं। लक्ष्मण सभी भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
पिता ने बताया कि लक्ष्मण स्कूल से घर आने के बाद खेलने की बात कहकर बाहर निकला था। इसके बाद परिवार को उसके हादसे की सूचना मिली।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे वाली जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्चे को टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)