एक प्लॉट की तीन बार हुई फर्जी रजिस्ट्री! बड़े गिरोह का भंडाफोड़...पटवारी, वकील और एमसी समेत 13 पर केस दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 09:32 AM (IST)

टोहाना (सुशील): शहर थाना पुलिस ने प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री कराने के आरोप में पटवारी प्रीतपाल सहित 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता वार्ड 13 निवासी सूबे सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गिरोह बनाकर फर्जी कागजात से उसका प्लॉट हड़पने की कोशिश की। जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

शिकायत के अनुसार सूबे सिंह खसरा नंबर 188/20/1/2 और 188/20/2 में कुल 6 कनाल 13 मरला में से 2/27 भाग यानी 300 वर्गगज का मालिक है। आरोप है कि गुप्ता कालोनी निवासी देवराज ने फर्जी तरीके से इस प्लॉट की रजिस्ट्री इंदिरा कालोनी निवासी जय प्रकाश के नाम करा दी। इसमें खेवट 567, खतौनी 595, खसरा 188/11 का 7/160 भाग यानी 7 मरला दिखाया गया।

आरोप है कि देवराज ने वसीका नंबर 2255 दिनांक 19 अगस्त 2025 से जय प्रकाश के नाम रजिस्ट्री कराई। जय प्रकाश ने वसीका नंबर 3444 दिनांक 10 दिसंबर 2025 से अपने भाई विक्रम सैनी के नाम रजिस्ट्री करा दी। विक्रम ने वसीका नंबर 034 दिनांक 6 अप्रैल 2026 से यह प्लॉट सुमित रंगी को बेच दिया।

शिकायतकर्ता ने देवराज, जय प्रकाश, सरोज एडवोकेट, पवन एमसी, प्रीतपाल पटवारी, भारत भाटिया वकील, विक्रम सिंह, राकेश उर्फ बिल्लू, सतनाम वसीका नवीस, सुमित रंगी, विजय और करमबीर सहित अन्य पर गिरोह बनाकर गरीबों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार शिकायत 12 मई 2026 को दी गई थी। एसडीएम टोहाना व एसपी कार्यालय से जांच के बाद 10 नवंबर 2026 को थाना सिटी में एफआईआर नंबर 0350, धारा 318(4), 336(3), 338, 340, 61(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि रिकॉर्ड की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static