कई दिनों से लापता था व्यक्ति, सड़क किनारे खड़ी कार में पड़ा मिला शव

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 10:16 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): शहर के बसई रोड स्थित कुटिया मंदिर के पास एक लावारिस आल्टो कार के अंदर से 50 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मदनपुरी निवासी मुकेश सभरवाल के रूप में हुई है। वह पिछले कई दिनों से लापता थे। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि बंद कार के भीतर दम घुटने या दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई होगी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के अनुसार, मदनपुरी निवासी मुकेश सभरवाल का मुख्य रूप से किराये का काम था। परिवार वालों ने बताया कि वह गत 11 नवंबर को अपनी बेटी को बेरी स्थित उसकी ससुराल छोड़ने के लिए गए थे। बेटी को सुरक्षित पहुंचाने के बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिवार को शुरुआत में उनकी कोई विशेष चिंता नहीं हुई, क्योंकि बड़े बेटे की दो साल पहले हुई असामयिक मौत के बाद से मुकेश काफी ज्यादा शराब पीने लगे थे। परिवार के मुताबिक, अक्सर ऐसा होता था कि वह बिना बताए घर से चले जाते थे और तीन-चार दिन बाद वापस लौट आते थे, इसलिए इस बार भी परिजनों ने इसे उनकी सामान्य आदत मानकर अनसुना कर दिया था।

 

मामला तब प्रकाश में आया जब शुक्रवार शाम को स्थानीय लोगों ने बसई रोड पर कुटिया मंदिर के पास एक आल्टो कार को काफी देर से लावारिस हालत में खड़ा देखा। जब लोगों ने पास जाकर गाड़ी के भीतर झांका तो उनके होश उड़ गए। कार की खिड़कियों के शीशे पूरी तरह बंद थे और गाड़ी अंदर से लॉक थी। ड्राइवर सीट पर मुकेश सभरवाल अचेत अवस्था में पड़े थे। स्थानीय लोगों तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी के लॉक को खोलकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। शनिवार को डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार के शीशे बंद होने और लंबे समय तक गाड़ी के भीतर रहने के कारण दम घुटने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके अलावा अत्यधिक शराब सेवन या हार्ट अटैक आने की संभावना पर भी पुलिस गौर कर रही है। पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static