''एक राष्ट्र-एक चुनाव'' के समर्थन में पंचकूला से उठी मजबूत आवाज, राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए 200 ज्ञापन
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 03:48 PM (IST)
चंडीगढ़ ( चन्द्र शेखर धरणी) : 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' के समर्थन में हरियाणा में जनसमर्थन का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी इस प्रस्ताव के पक्ष में खुलकर समर्थन जताया है। इसी क्रम में पंचकूला जिले के जिला परिषद, ब्लॉक समिति, नगर निगम, नगर पालिका तथा ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति के नाम 200 समर्थन ज्ञापन एक राष्ट्र-एक चुनाव समिति को सौंपे।
प्रदेश सह-संयोजक मदन मोहन छाबड़ा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' की आवश्यकता और उसके संभावित लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने एक साथ लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकायों के चुनाव कराने के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे देशहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी मशीनरी, प्रशासनिक संसाधनों और सार्वजनिक धन पर भारी बोझ पड़ता है। यदि सभी चुनाव एक साथ कराए जाएं तो शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी, विकास कार्यों में निरंतरता रहेगी और चुनावी प्रक्रिया भी अधिक किफायती होगी। उन्होंने कहा कि बार-बार लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता के कारण विकास परियोजनाएं प्रभावित होती हैं। एक साथ चुनाव होने से सरकारें बिना बाधा विकास योजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगी और प्रशासनिक कार्यों में भी गति आएगी।
छाबड़ा ने बताया कि समिति पूरे हरियाणा में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से समर्थन ज्ञापन एकत्रित करने का अभियान चला रही है। अभियान के तहत जिला परिषद सदस्यों, ब्लॉक समिति प्रतिनिधियों, नगर निकायों के निर्वाचित सदस्यों और ग्राम पंचायतों के सरपंचों से संपर्क किया जा रहा है। सभी जिलों से प्राप्त ज्ञापनों को संबंधित उपायुक्तों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम भेजा जाएगा। समिति के विभाग संयोजक नेपाल सिंह राणा ने कहा कि 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' केवल चुनावी सुधार का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग और विकास कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य इस विषय पर व्यापक जनमत तैयार करना और अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों का समर्थन जुटाना है। पंचकूला भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि यदि देश में एक साथ चुनाव की व्यवस्था लागू होती है तो चुनावी खर्च में उल्लेखनीय कमी आएगी, प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बन सकेगी।