सपनों की उड़ान का दर्दनाक अंत: नौकरी के लिए रूस गए 18 वर्षीय देव  की मौत, कर्ज लेकर भेजा था विदेश

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 04:35 PM (IST)

करनाल: विदेशों में सुनहरे भविष्य की तलाश में जाने वाले भारतीय युवाओं के लिए रूस से एक और बुरी खबर आई है। बसंत विहार निवासी 18 वर्षीय देव पुंडीर की रूस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मात्र 20 दिन पहले घर से निकले जवान बेटे की मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


देव की मां कांता, जो सिलाई का काम कर घर का गुजारा चलाती हैं, ने रुंधे गले से बताया कि उन्होंने 5 लाख रुपये खर्च करके अपने बेटे को टूरिस्ट वीजा पर रूस भेजा था। देव 16 मार्च को घर से रवाना हुआ था ताकि वहां जाकर नौकरी कर सके और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सके।

 
परिजनों के अनुसार, शनिवार दिन तक देव से उनकी बात हुई थी और सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन शनिवार रात देव के एक दोस्त के पास व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें देव की फोटो थी और बताया गया कि उसकी मौत हो गई है। जब परिवार ने देव से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका फोन नहीं लगा।

मौत की वजह अब भी रहस्य
स्वजन का कहना है कि उन्हें केवल इतनी सूचना मिली है कि उनका बेटा 'गिर गया' है, लेकिन वह कहां से गिरा, कैसे गिरा और उसके साथ असल में क्या हुआ, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। परिवार अब सरकार और दूतावास से गुहार लगा रहा है कि देव के साथ हुई घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जाए और उसके पार्थिव शरीर को वतन वापस लाने में मदद की जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static