हिसार में तेज आंधी बनी काल! पेड़ गिरने से 20 वर्षीय युवक की मौत...मां-बाप का इकलौता बेटा था रोहित

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:54 AM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : हिसार जिले के गांव रावलवास खुर्द में तेज आंधी और बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बरगद का पेड़ गिरने से 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

जानकारी के अनुसार गांव रावलवास खुर्द निवासी रोहित बामल अपने चचेरे भाई के साथ खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों भाई मात्रश्याम रोड पर स्थित एक बरगद के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। लेकिन तेज हवाओं के कारण बरगद का विशाल पेड़ अचानक टूटकर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे खड़े रोहित इसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

मां-बाप का इकलौता बेटा था रोहित 

ग्रामीणों ने बताया कि रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक बहन है। रोहित ने हाल ही में बारहवीं कक्षा की परीक्षा दी थी और आगे की पढ़ाई व भविष्य को लेकर कई सपने संजोए हुए था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में मातम का माहौल है। और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। फिलहाल रोहित की मौत से परिवार और गांव गहरे सदमे में है। एक पल में आई आंधी ने परिवार के इकलौते बेटे को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static