हिसार में दहल उठा कारोबारी परिवार: फैक्टरी मालिक आनंद गोयल से 5 करोड़ की रंगदारी, रोहित फतेहपुरिया गैंग के नाम पर धमकी...

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 03:51 PM (IST)

हिसार: हरियाणा के हिसार में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। अर्बन एस्टेट टू निवासी और फैक्टरी मालिक आनंद गोयल से विदेशी नंबर के जरिए 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी गई है। फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात रोहित फतेहपुरिया गिरोह का सदस्य बताते हुए धमकी दी कि अगर रुपये नहीं दिए तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। इस सनसनीखेज घटना के बाद से कारोबारी परिवार सहमा हुआ है, वहीं व्यापारियों में भी भारी रोष है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कारोबारी और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया करा दी है।


आजाद नगर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में आनंद गोयल ने बताया कि 15 अक्तूबर की शाम करीब 4:20 बजे वह अपने बेटे अनिरुद्ध और अर्पित के साथ गांव चौधरीवास स्थित अपनी फैक्टरी पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके और उनके बेटों तीनों के फोन पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को रोहित फतेहपुरिया बताते हुए कहा, "पाँच करोड़ तैयार रख। अगर रुपये नहीं दिए तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।" कॉलर ने यह भी दावा किया कि आनंद गोयल के भाई प्रमोद कुमार से भी 5 करोड़ रुपये की मांग की गई है।

 
इस घटना के बाद हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कड़ी नाराजगी जताई है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो हरियाणा बंद किया जाएगा।मामले की जानकारी देते हुए एएसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि आजाद नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा धमकी वाले रिकॉर्डेड वॉयस मैसेज की तकनीकी जांच कराई गई है, जिसमें यह बात सामने आई है कि वॉइस मैसेज की आवाज उस व्यक्ति की नहीं है जिसके नाम पर धमकी दी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कारोबारी और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान कर दी है और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static