(VIDEO) युवक ने मस्जिद में घुसकर बनाया वीडियो, बोला-जय श्री राम भाइयों, आज हम कब्जा लेने आए हैं....पकड़े जाने पर जोड़े हाथ

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 01:51 PM (IST)

पानीपत(सचिन): हरियाणा के पानीपत जिले में एक युवक द्वारा मस्जिद के भीतर जाकर विवादित वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। युवक ने मस्जिद परिसर के अंदर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करते हुए कहा, "जय श्री राम भाइयों, आज हम कब्जा लेने आए हैं।" हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े जाने के बाद युवक तुरंत माफी मांगते हुए हाथ जोड़ता नजर आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अचानक मस्जिद परिसर में दाखिल हुआ और उसने खुद का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में वह धार्मिक नारे लगाते हुए मस्जिद पर 'कब्जा' करने जैसी भड़काऊ बातें कहता हुआ सुनाई दे रहा है। युवक की इस हरकत पर वहां मौजूद स्थानीय लोगों और मस्जिद प्रबंधन की नजर पड़ गई।


गलती मानकर पैरों में गिरा, बोला- भाईचारे को खराब न करें
सच्चाई सामने आने और समाज के कड़े रुख को देखते हुए युवक के होश ठिकाने आ गए। उसने तुरंत अपनी बड़ी भूल और गलती को स्वीकार किया। युवक ने एक नया वीडियो संदेश जारी करते हुए समाज से हाथ जोड़कर अपील की- मुझसे जो भी गलती हुई है, उसके लिए मुझे माफ करें।
मेरे इस कृत्य की वजह से कोई भी हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को खराब न करे। हमारे बीच का अमन-चैन हमेशा कायम रहना चाहिए। मैं, आइंदा इस तरह की कभी भी कोई वीडियो सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफॉर्म पर पोस्ट नहीं करूंगा। बुजुर्गों और सामाजिक संगठनों ने युवक को दोबारा ऐसी गलती न करने की सख्त हिदायत दी है।

पुलिस और प्रशासन मुस्तैद
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और किसी भी असामाजिक तत्व को शहर का माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static