हरियाणा में ACB ने वेटरनरी डॉक्टर को रिश्वत लेता पकड़ा, लोन पास कराने के लिए मांगी घूस
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 10:48 AM (IST)
कैथल : कैथल एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक पशुओं के डॉक्टर (वैटर्नरी सर्जन) को 28,000 रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इस संबंध में गांव सोंगरी निवासी राममेहर ने ए.सी.बी. को शिकायत दी थी कि उसकी कैथल में प्रताप गेट पर डेयरी है। वह भैंसों का लोन करवाना चाहता था।
लोन करवाने की एवज में वैटर्नरी सर्जन अंकुर ने उससे रुपए मांगे। उसने जो लोन की फाइल अप्लाई की थी उस पर एक डॉक्टर की मोहर जरूरी थी। डॉक्टर को ही वैरीफाई करना होता है कि जिन पशुओं पर वह लोन करवा रहा है वे जीवित और बिल्कुल स्वस्थ हैं।आरोप है कि डॉक्टर ने उसे 30,000 रुपए मांगे लेकिन बाद में 28,000 रुपए पर डील पक्की हो गई।
आरोपी लगातार उसको कॉल कर पैसों की मांग कर रहा था और कह रहा था कि पैसे देने के बाद ही फाइल क्लीयर करेगा। उसने आरोपी को 28,000 रुपए दे दिए। जैसे ही वह रिश्वत की राशि लेकर विश्वकर्मा चौक पर सत्संग भवन के पास पहुंचा तो कैथल ए.सी.बी. की टीम ने उसे रिश्वत के पैसों के साथ पकड़ा लिया।