हड़ताल के बीच ACB का तगड़ा एक्शन; Haryana में पटवारी और हेल्पर रिश्वत लेते दबोचे, इंतकाल के नाम पर मांगी थी घूस
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 04:50 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा में ACB ने भ्रष्टाचार पर बड़ा वार करते हुए एक घूसखोर पटवारी सहित 2 को रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए धरा है। बता दें कि 6 दिन से हरियाणा में पटवारी और कानूनगो की हड़ताल चल रही है। इसी बीच पानीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी के साथ उसके सहायक को भी दबोचा है।
मिली जानकारी के अनुसार घूसखोर पटवारी की पहचान सुभाष निवासी गढ़ी बेसिक के तौर पर हुई, वहीं दूसरे की पहचान उस्मान गांव अधमी के रूप में हुई है।
ACB के मुताबिक पटवारी ने इंतकाल दर्ज करने के नाम पर 35 हजार मांगे थे। अब 20 हजार रुपए लेते पकड़ा है। दिलचस्प है कि पटवारी ने हवाला दिया था कि वैसे तो स्ट्राइक चल रही है, लेकिन रकम मिल जाएगी तो चुपके से काम कर देगा। मंगलवार को हड़ताल में शामिल न होने को लेकर भी उसने बहाना बनाया था कि कोर्ट में तारीख पर जाना है।
ACB टीम ने जानकारी मिलते ही दोनों को जाल बिछाकर धर दबोचा। ACB के अधिकारियों ने बताया कि ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)