कोसली-टूमना रोड पर बड़ा हादसा: सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, एक की मौत...11घायल
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 11:56 AM (IST)
कोसली ( महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले में बुधवार सुबह सवारियों से खचाखच भरी एक निजी समिति की बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। रेवाड़ी से कोसली जा रही बस टूमना गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। भीषण टक्कर में एक बुजुर्ग यात्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर लगी कई सीटें तक उखड़ गईं। बस में उस समय करीब 30 यात्री सवार थे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार निजी समिति की बस मंगलवार सुबह करीब 8:45 बजे रेवाड़ी बस स्टैंड से कोसली के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 9:30 बजे जब बस टूमना गांव के समीप पहुंची तो अचानक चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सीधे पेड़ से जा टकराई।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल, कोसली पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद रेवाड़ी रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हादसे में मृतक की पहचान बालधन गांव निवासी 87 वर्षीय दीपचंद के रूप में हुई है। वहीं अन्य 11 घायल यात्रियों का इलाज कोसली और रेवाड़ी के अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।