Haryana में तपती धूप में आरोपी से लगाई घिस्सियां, पूर्व सरपंच के घर चलाई थीं गोलियां...मुठभेड़ में हुआ था घायल
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 04:41 PM (IST)
यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले में पुलिस और एक बेखौफ बदमाश के बीच दिनदहाड़े हुई मुठभेड़ (Encounter) का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। एक पूर्व सरपंच के घर पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर भाग रहे बदमाश का जब सीआईए (CIA) और स्थानीय पुलिस ने पीछा किया, तो उसने पुलिस टीम पर भी सीधे फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह सड़क पर घिस्सियां लगाते (रेंगते) हुए नजर आया।इस पूरी मुठभेड़ और बदमाश के पकड़े जाने का एक वीडियो (VIDEO) भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, वारदात की शुरुआत तब हुई जब मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने यमुनानगर के एक पूर्व सरपंच के घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने खौफ पैदा करने के इरादे से घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआईए की टीमें तुरंत एक्टिव हुईं और नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने जब बदमाशों को घेरने की कोशिश की, तो खुद को फंसता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर ही सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ और बदमाश को दबोचने के लिए जवाबी फायरिंग की।पुलिस की एक गोली सीधे बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं मोटरसाइकिल सहित गिर पड़ा। पैर में गोली लगने के बाद बदमाश का भागने का हौसला पस्त हो गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तपती धूप और जलती सड़क पर वह दर्द के मारे भाग नहीं पा रहा है और जमीन पर घिस्सियां लगाते हुए पुलिस से बचने की नाकाम कोशिश कर रहा है।
भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत अपनी कस्टडी में लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए बदमाश के पास से अवैध हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात के पीछे क्या कारण था और इसके तार किस गैंग से जुड़े हैं। फरार चल रहे इसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।