सावधान! ट्रेन यात्रा में जान-पहचान पड़ी भारी, श्रद्धालुओं के बेहोश होते ही गहने समेटे... GRP ने आरोपी को भेजा सलाखों के पीछे
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 08:08 PM (IST)
रेवाड़ी(महेंद्र भारती): जीआरपी डीएसपी राजेश चेची के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं को नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। आरोपी को रेवाड़ी रेलवे जंक्शन से काबू किया गया। गुरुग्राम के जाटौली निवासी सोमदत्त ने जीआरपी थाना रेवाड़ी में शिकायत देकर बताया कि वह अपने परिवार के साथ गोगामेड़ी से दर्शन कर ट्रेन के माध्यम से रेवाड़ी लौट रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने मेलजोल बढ़ाकर श्रद्धालुओं को नशीला पदार्थ मिला पेय पिला दिया।
नशीला पदार्थ असर करने के बाद श्रद्धालु बेहोशी की हालत में पहुंच गए। शिकायत के अनुसार, करीब आधा दर्जन श्रद्धालु गुरुग्राम जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर उतरकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सभी को नींद आ गई। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपी श्रद्धालुओं के गहने चोरी कर मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही रेवाड़ी जीआरपी ने तत्परता से कार्रवाई शुरू की और आरोपी की तलाश करते हुए उसे रेवाड़ी रेलवे जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।