रेवाड़ी : दिल्ली-जयपुर NH-48 पर दो डंपरों से टकराई यात्री बस...मची अफरा-तफरी, 27 लोग थे सवार

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 12:57 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर बावल के गांव रूघ स्थित फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान दो डंपरों और राजस्थान रोडवेज बस की टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। बस में करीब 27 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। 

जानकारी के अनुसार, जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहे दो डंपरों की रूघ फ्लाईओवर पर आपस में टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों डंपर सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से जयपुर की ओर आ रही राजस्थान रोडवेज की बस भी उनसे टकरा गई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी और दृश्यता कम थी। बस चालक के अनुसार, बारिश के कारण आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। उसने आरोप लगाया कि दुर्घटनाग्रस्त डंपरों के पीछे कोई चेतावनी संकेतक या पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। 

सूचना मिलते ही निजी अस्पतालों की एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को बावल स्थित जैन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दीपक जैन ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और किसी की हालत गंभीर नहीं है। कसौला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के आसपास चेतावनी संकेतक और सुरक्षा इंतजामों की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच में यह स्पष्ट होगा कि डंपरों की टक्कर के बाद पीछे से आने वाले वाहनों को सतर्क करने के लिए क्या कदम उठाए गए थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static