प्रदूषण मुक्त हरियाणा के लिए एक्शन, सालाना लक्ष्य का 88% काम पूरा...जानें आपके शहर में कितने EV स्टेशन बने

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 02:15 PM (IST)

डेस्क: प्रदेश को प्रदूषण मुक्त बनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में सूबे के बिजली वितरण निगमों में डीएचबीवीएन व यूएचबीवीएन ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। चालू वर्ष 2026 के लिए तय किए गए 900 चार्जिंग स्टेशनों के लक्ष्य में से महज 6 महीनों के भीतर ही 789 ईवी चार्जिंग स्टेशन और पॉइंट स्थापित कर दिए गए हैं। यह कुल सालाना टारगेट का लगभग 88 फीसदी है।

विभाग के पीआरओ संजय चुघ ने बताया कि प्रबंध निदेशक ने सभी फील्ड अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि बचे हुए 111 चार्जिंग स्टेशनों का काम भी समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। निगमों के आंकड़ों के मुताबिक, साइबर सिटी गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 336 चार्जिंग पॉइंट एक्टिव हो चुके हैं, जबकि यहां का लक्ष्य 380 था।

वहीं, फीसदी के लिहाज से रोहतक ने सबसे बाजी मारी है, जहां 75 के लक्ष्य के मुकाबले 71 स्टेशन (94.6%) बनकर तैयार हैं। औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में भी 60 में से 54 पॉइंट चालू किए जा चुके हैं। डीएबीवीएन और यूएचबीवीएन-के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि ई-मोबिलिटी नीति के तहत पूरे हरियाणा में आधुनिक और भरोसेमंद चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static