PM मोदी ने हरियाणा को दिए 2 नए ''अमृत रेलवे स्टेशन'', CM सैनी बोले- 1149 करोड़ से बदल रहा 34 स्टेशनों का रूप

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 09:39 AM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हरियाणा के 2 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन कालका और नरवाना का उद्घाटन करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 34 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया जा रहा है जिस पर 1149 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मंडी डबवाली, होडल और जींद रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पहले ही पूरा किया जा चुका है और इन्हें अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज रेलवे स्टेशन कालका पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम का जालंधर, पंजाब से सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। जिसमें हरियाणा के 2 रेलवे स्टेशन कालका व नरवाना भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यह हरियाणावासियों के लिए बड़ी खुशी की बात है कि आज प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हरियाणा के 2 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया है। ये स्टेशन हमारी संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के नए प्रवेश द्वार बनेंगे। उन्होंने कहा कि आज का दिन पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने करकमलों से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन सहित लगभग 15 हजार करोड़ रुपए लागत की 9 परियोजनाएं हरियाणा को दी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हरियाणा का रेल बजट केवल 315 करोड़ रुपए था। आज वर्ष 2026-27 में यही रेल बजट बढ़कर 3566 करोड़ रुपए हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static