स्कूलों के आस-पास सड़कों का रखरखाव प्राथमिकता से करें विभाग : एडीसी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 08:39 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सभी सरकारी स्कूलों के आस-पास सड़कों का उचित रखरखाव होना चाहिए। सडक़ों के रखरखाव से संबंधित विभाग इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करेंगे। एडीसी सोनू भट्ट ने यह निर्देश मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में जिला सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को लेकर गठित जिला स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

 एडीसी ने सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की भी समीक्षा की, उन्होंने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम अपने एरिया में नियमित स्कूल बसों की जांच करेंगे। इस कार्य में पुलिस की टीम भी सडक़ सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करेगी। बैठक में जिला की विभिन्न सडक़ों पर अवैध कट, मुख्य रास्ते के बीच में बिजली के खंबे, स्ट्रीट लाइट, मानेसर बस स्टेंड, पंचगांव चौक व रैपिड मैट्रो के समीप ब्लैक स्पॉट्स, हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों, ब्रिस्टल चौक पर सड़क को चौड़ा करने व आवश्यक सुरक्षा मानकों की उपलब्धता, सेक्टर 4-7-9 चौक पर अतिक्रमण हटाने, एनएच -48 पर मुख्य चौक पर हाई मास्क लाइट व ओवरलोड वाहनों आदि बिंदुओं पर व्यापक विचार विमर्श किया गया। 

 

 एडीसी ने ब्रिस्टल चौक से संबंधित कार्य को लेकर पुलिस, जीएमडीए, डीएलएफ व राहगीरी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम को दौरा करने व अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इसी तरह बैठक में सडक़ हादसे के दौरान पीड़ितों को मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने से संबंधित कार्य पर भी चर्चा की गई है। एडीसी सोनू भट्ट ने जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण कार्यालय को निर्देश दिए कि इस संबंध में आईआईटी मद्रास की टीम के साथ एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाए। जिसमें टीएमएस व ईडार एप की कार्यप्रणाली समझी जा सके।

 

डीसीपी ट्रैफिक डाॅ राजेश मोहन ने सड़क हादसों की रोकथाम व यातायात प्रबंधन को लेकर बैठक में अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि इस बैठक में जो भी अवैध कट से संबंधित मामला रखा जाए उसे एरिया ट्रैफिक इंचार्ज के माध्यम से भेजा जाए। साथ ही किसी स्ट्रीट लाइट के रखरखाव में केबल चोरी आदि की घटना हो सबसे पहले संबंधित एजेंसी उसकी रिपोर्ट नजदीकी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराए। एडीसी ने बैठक में पंचगांव चौक पर हाईमास्ट के लिए डीएचबीवीएन के अधिकारियों को जल्द से जल्द कनेक्शन रिलीज करने भी निर्देश दिए। वाहनों के ओवर लोडिंग से संबंधित बिंदु के जवाब में असिस्टेंट आरटीए हरेंद्र वीर ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछली बैठक के उपरांत 24 मार्च तक जिला में 116 ओवरलोड वाहनों के चालान किए गए और 82 लाख का राजस्व वसूल किया गया। 

 

इस अवसर पर बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, एसीपी वेस्ट जय सिंह, एसीपी ईस्ट संजय कुमार, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के नोडल अधिकारी डा. आशीष त्यागी, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता सचिन भाटी, एसिस्टेंट आरटीए हरेंद्र वीर सहित जीएमडीए, एमसीजी, एनएचएआई, राहगीरी फाउंडेशन आदि के प्रतिनिधि तथा कमेटी के अन्य सदस्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static