30 जून तक कर लें रहने का इंतजाम, DTP विभाग सील करेगा ये मकान
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 03:28 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव के डीएलएफ एरिया मेंं रहने वाले लोगों को जिला नगर योजनाकार विभाग ने चेतावनी दे दी है। विभाग के अधिकारियों ने 30 जून तक उन लोगों को अपने रहने का इंतजाम करने के लिए कहा है जो डीएलएफ एरिया में पीजी, गेस्ट हाउस, हॉस्टल आदि मेंं रहते हैं। इन लोगों को 30 जून तक अपने रहने का इंतजाम करने के लिए डीटीपी अमित मधोलिया ने दाे टूक कह दी है। डीटीपी ने साफ कर दिया है कि डीएलएफ फेज-1 से 5 तक चल रहे रेस्टोरेशन अभियान के दौरान रिहायशी क्षेत्र में कमर्शियल गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले दिनों विभाग की तरफ से कई मकानों को सील किया गया है और आगे भी सील किया जाएगा।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
डीटीपी अमित मधोलिया ने बताया कि पिछले दिनों पीजी और गेस्ट हाउस सील करने के दौरान पाया गया था कि मकान मालिक ने पीजी में रहने वालों को इस कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी ही नहीं दी। ऐसे में कार्रवाई के दौरान उन्हेंं मौके पर उनके जरूरी सामान के साथ बाहर निकाल दिया गया। जिसके कारण उन्हेंं भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस परेशानी से लोगों को बचाने के लिए ही 30 जून तक का समय दिया गया है। इस दौरान पीजी, गेस्ट हाउस, होस्टल, को-लिविंग सुविधाओं मेंं रहने वाले 30 जून तक अपने रहने का इंतजाम किसी दूसरे स्थान पर कर लें।
उन्होंने बताया कि यह भी देखा गया है कि रिहायशी क्षेत्र में कमर्शियल गतिविधियां की जा रही हैं। मई मामलों में भवन मालिक, संचालक या मकान मालिक संबंधित प्राधिकरण द्वारा जारी नोटिस और प्रस्तावित कार्रवाई की जानकारी वहां रहने वाले लोगों को नहीं देते हैं। ऐसे में उन्होंने पीजी अथवा किराए पर रहने वाले निवासियों काे सलाह दी है कि वह अपने रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर लें ताकि सीलिंग या रेस्टोरेशन कार्रवाई के कारण उन्हें कोई परेशानी न हो।