''दिल्ली गंवाने के बाद लगी पेट में मरोड़'', बेदी ने मान सरकार पर साधा निशाना

punjabkesari.in Wednesday, Apr 30, 2025 - 08:08 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा व राजस्थान के सामने आई बड़ी मुसीबत के रूप में पानी की किल्लत को देख जहां सत्ता पक्ष पंजाब सरकार को मानवता की दुहाई दे रहे हैं वही विपक्षी दल अपने अपने राजनीतिक समीकरणों को देख बयान बाजी करने में लगे हुए हैं। इस मामले में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के मुखिया भगवन्त मान इस मामले को लेकर केवल और केवल राजनीति कर रहे हैं। लेकिन ऐसे मामलों में फैसला मानवता के अनुरूप होना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि भगवंत मान कह रहे हैं कि हरियाणा का कोटा पूरा हो चुका है लेकिन यह कोटा तो पहले भी पूरा होता रहा है लेकिन एडजस्टमेंट भी तो होती रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भगवंत मान से पत्राचार भी किया और फोन पर बात भी की। जिस पर 2 दिन में समाधान करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन 2 दिन के बाद पानी खुलने की बजाए राजनीति से प्रभावित ऐसा बयान दे दिया गया। मंत्री बेदी ने कहा कि आज भगवंत मान के इस फैसले से हरियाणा और राजस्थान के लोग पानी की बड़ी किल्लत से गुजर रहे हैं। पीने तक के पानी के लिए बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। 

दिल्ली हाथ से जाने के बाद पेट में लगी मरोड़ : बेदी

कृष्ण बेदी ने कहा कि हरियाणा और पजाब दो सगे छोटे बड़े भाई हैं और हरियाना सदा से छोटे भाई का फर्ज निभाता रहा है। देश की अखंडता को देख देश के लोगों की जरूरत को मान समझे और हमारे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जो निवेदन पंजाब से किया है उसे स्वीकारते हुए जल्द से जल्द हरियाणा को पानी दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरी विधानसभा नरवाना से लेकर हिसार, बहादुरगढ़, आदमपुर, उकलाना, नारनौंद, बरवाला तथा दक्षिण हरियाणा तक में पानी की भयंकर कमी हो चुकी है। राजनीति के ओर बहुत से मुद्दे हैं लेकिन यह मुद्दा मानवता के खिलाफ है। भगवंत मान को दरियादिली दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हरियाणा में कांग्रेस और पंजाब में बादल सरकार थी जब हरियाणा में भाजपा तथा पंजाब में अमरिंदर की सरकार थी तब भी पानी की कमी होती रही है, लेकिन कभी ऐसे पानी नहीं बंद किया गया। दिल्ली हाथ से जाने के बाद इनके पेट में मरोड़ लगा गया है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yakeen Kumar

Related News

static