Haryana: कृषि मंत्री ने हैफेड कर्मी को किया सस्पेंड, ये रही बड़ी वजह
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 04:19 PM (IST)
हिसार/बरवाला : कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा और लोक निर्माण व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने रविवार को बरवाला अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने फसल खरीद व उठान व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ-साथ व्यापारी व किसानों की समस्याएं भी सुनीं। किसानों और व्यापारियों ने उनके समक्ष हैफेड कर्मी पर परेशान करने के आरोप लगाए। गंगवा ने कहा कि हैफेड कर्मी पर कार्रवाई की जाए, जिस पर कृषि मंत्री राणा ने हैफेड कर्मी को सस्पेंड किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों और व्यापारियों से बैठक दौरान आवक और उठान के आंकड़ों की विस्तृत जानकारी ली गई। अधिकारियों को फसल के त्वरित उठान की हिदायत दी गई ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसानों के बायोमैट्रिक वैरीफिकेशन पर उन्होंने कहा कि फसल बिक्री के लिए किसान 3 व्यक्तियों के नाम दर्ज करवा सकते हैं जिनमें से कोई एक व्यक्ति आकर फसल बेच सकता है। वैरीफिकेशन के लिए अंगूठे के अलावा ओ.टी.पी. व अन्य विकल्प भी किसान को दिए गए हैं।
राणा ने अधिकारियों को मंडी व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भावांतर भरपाई योजनाए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल, उत्तम पोर्टल, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि योजना तथा ई-खरीद प्रणाली जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है और पारदर्शिता भी सुनिश्चित हुई है। मंडियों की नई व्यवस्था प्रदेश के किसानों के हित में है। स्थानीय किसानों की फसल प्राथमिकता के आधार पर खरीदने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)