Record Break: अंबाला में 4 दिन में टूटे खपत के सारे रिकॉर्ड, संकट के बीच SE ने कमान संभाली
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 04:26 PM (IST)
अंबाला(अमन): आसमान से बरसती आग और रिकॉर्ड तोड़ती गर्मी के बीच अंबाला के लोगों की मुश्किलें दोगुनी हो गई हैं। एक तरफ सूरज के तेवर तीखे हैं, तो दूसरी तरफ बिजली विभाग के सिस्टम पर लोड बढ़ गया है। अंबाला सर्कल में महज 4 दिनों के भीतर बिजली की खपत ने इतिहास के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। हर घर में एसी और कूलर लगातार चलने की वजह से ट्रांसफार्मरों और लाइनों पर भारी दबाव है, इसके चलते कई इलाकों में लगातार ब्रेकडाउन की खबरें सामने आ रही हैं।
बिजली गुल होने से जनता में त्राहि-त्राहि मची हुई है। इस पूरे संकट और जनता की शिकायतों पर अंबाला सर्कल के SE ने स्थिति साफ की है। उन्होंने माना कि गर्मी अपने पीक पर है और खपत अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है। हालांकि, उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया है कि विभाग की तरफ से तैयारियां पूरी हैं। जहां भी ओवरलोड या तकनीकी खराबी के कारण ब्रेकडाउन आ रहा है, वहां बिजली कर्मियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे साथ के साथ ठीक कर रही हैं।
पीक सीजन में उपभोक्ताओं को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी शिकायतों का निवारण तुरंत हो सके, इसके लिए बिजली विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। SE अंबाला ने बताया कि लगातार आ रही शिकायतों को देखते हुए कंप्लेंट सेंटर में कर्मचारियों की संख्या को बढ़ा दिया गया है। अब अतिरिक्त स्टाफ शिफ्टों में काम कर रहा है ताकि किसी भी उपभोक्ता का फोन अनसुना न रहे और फॉल्ट की सूचना तुरंत फील्ड स्टाफ तक पहुंचाई जा सके। प्रशासन और बिजली विभाग अपनी तरफ से पूरी कोशिश में जुटा है, लेकिन इस रिकॉर्ड तोड़ गर्मी में सिस्टम को सुचारू रखना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। अब देखना होगा कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और दावों के बीच अंबाला की जनता को इस भीषण गर्मी में अघोषित कटों से कितनी राहत मिल पाती है।