हरियाणा के सभी सरकारी स्कूल 19 जुलाई को ऑनलाइन जुड़ेंगे सीएम से, जानें क्या है सरकार का मेगा प्लान

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 11:35 AM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने स्कूल प्रबंधन समितियों (एस.एम.सी.) को शिक्षा व्यवस्था से और अधिक जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 19 जुलाई को राज्यभर की स्कूल प्रबंधन समितियों के साथ सीधा संवाद करेंगे।

इसके लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों और जिला परियोजना समन्वयकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार 19 जुलाई को दोपहर 1 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण हर जिले के सरकारी स्कूलों तक किया जाएगा। हर जिले से एक
चयनित स्कूल की स्कूल प्रबंधन समिति मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करेगी, जबकि प्रदेश की अन्य सभी एस. एम. सी. ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगी।

विभाग ने जिला परियोजना समन्वयकों को कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है। परियोजना कार्यालय कार्यक्रम में शामिल होने वाले एस.एम.सी. सदस्यों की संख्या का विवरण जुटाकर विभाग को उपलब्ध करवाएंगे। साथ ही जिला स्तर पर चयनित स्कूल की एस.एम.सी. के साथ पहले से बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा समझाई जाएगी और तकनीकी तैयारियां पूरी कराई जाएंगी। विभाग ने बताया कि कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन लिंक हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से उपलब्ध करवाया जाएगा। इसी लिंक के माध्यम से प्रदेशभर के सरकारी स्कूल कार्यक्रम से जुड़ेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static