30 साल का सपना हुआ साकार, 5 नवंबर को अंबाला आएंगे अमित शाह...अनिल विज के ड्रीम प्रोजेक्ट का करेंगे लोकार्पण

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 06:44 PM (IST)

चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरियाणा से राजनीतिक और संगठनात्मक जुड़ाव काफी पुराना रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री तक के सफर में उन्होंने हरियाणा को हमेशा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य माना है। यही वजह है कि प्रदेश में संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए अमित शाह समय-समय पर हरियाणा के दौरे करते रहे हैं। उनका आगामी 5 नवंबर का दौरा भी इसी कड़ी में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण अंबाला छावनी में 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृति में तैयार किए गए भव्य शहीद स्मारक को जनता को समर्पित करना होगा।

अमित शाह 31 अक्टूबर को चंडीगढ़ दौरे के सिलसिले में पंचकूला पहुंचेंगे और यहां उनका रात्रि ठहराव प्रस्तावित है। इसके बाद 5 नवंबर को वह विशेष रूप से हरियाणा पहुंचेंगे। अंबाला छावनी में करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार शहीद स्मारक को जनता को समर्पित करने के साथ गांधी मैदान में विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह स्मारक हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का वर्षों पुराना सपना रहा है। लगभग तीन दशक की मेहनत और प्रयासों के बाद यह ऐतिहासिक परियोजना अब जनता को समर्पित होने जा रही है।
 
   5 नवंबर को वह विशेष रूप से हरियाणा पहुंचेंगे। अंबाला छावनी में करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार शहीद स्मारक को जनता को समर्पित करने के साथ गांधी मैदान में विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह स्मारक हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का वर्षों पुराना सपना रहा है। लगभग तीन दशक की मेहनत और प्रयासों के बाद यह ऐतिहासिक परियोजना अब जनता को समर्पित होने जा रही है।

इससे पहले अगस्त 2017 में उन्होंने रोहतक में तीन दिवसीय संगठनात्मक प्रवास किया था। इस दौरान प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के साथ बैठकें कीं और संगठन की गतिविधियों, सरकार के कामकाज तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की थी। इस दौरे को हरियाणा में भाजपा संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।

सूरजकुंड चिंतन शिविर और करनाल में राष्ट्रपति निशान
अक्टूबर 2022 में अमित शाह फरीदाबाद के सूरजकुंड पहुंचे थे। यहां उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों के गृह मंत्रियों के दो दिवसीय चिंतन शिविर की अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम में आंतरिक सुरक्षा, पुलिस व्यवस्था, साइबर अपराध, नशे के खिलाफ अभियान और केंद्र-राज्य समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई थी।

फरवरी 2023 में उनका करनाल दौरा भी काफी महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान उन्होंने हरियाणा पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान किया। यह सम्मान हरियाणा पुलिस की सेवा, अनुशासन और उपलब्धियों का राष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण प्रमाण बना। इसी दौरे में सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।

इसके बाद विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तोशाम, नांगल चौधरी, गुरुग्राम और बड़ौदा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और राजनीतिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। भाजपा ने अक्टूबर 2024 में लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाकर इतिहास रचा। चुनाव के दौरान अमित शाह की रणनीतिक भूमिका को भी पार्टी की इस सफलता के महत्वपूर्ण पहलुओं में गिना गया।

रोहतक से कुरुक्षेत्र तक विकास और कानून व्यवस्था पर फोकस
3 अक्टूबर 2025 को अमित शाह ने हरियाणा का महत्वपूर्ण दौरा किया। इस दौरान रोहतक में करीब 325 करोड़ रुपये की लागत से तैयार साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। यह परियोजना सहकारिता और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में हरियाणा की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
इसी दौरे के दौरान कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई और इससे संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस, न्यायिक व्यवस्था और आपराधिक कानूनों में आए बदलावों को लेकर जागरूकता पर जोर दिया गया।

करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस स्मारक में 23 गैलरी बनाई गई हैं। यहां 1857 की क्रांति के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके बलिदान को आधुनिक तकनीक तथा आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया गया है। इस परियोजना को साकार करने में हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज की विशेष भूमिका रही है। उन्होंने लंबे समय तक इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए।

अमित शाह का गांधी मैदान में प्रस्तावित संबोधन भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा। इसके अतिरिक्त करनाल में भाजपा के जनसंपर्क अभियान 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के तहत पदयात्रा में उनकी भागीदारी का कार्यक्रम भी चर्चा में है, हालांकि इसकी अंतिम आधिकारिक पुष्टि आवश्यक है।

कुल मिलाकर अमित शाह के हरियाणा दौरों का इतिहास देखें तो इसमें संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति, कानून व्यवस्था, सहकारिता, विकास और राष्ट्रवादी विचारधारा जैसे विषय लगातार प्रमुख रहे हैं। 5 नवंबर का अंबाला दौरा इस श्रृंखला में इसलिए भी खास होगा, क्योंकि इसके माध्यम से 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को समर्पित एक भव्य स्मारक देश की जनता को समर्पित किया जाएगा। यह हरियाणा के इतिहास, पर्यटन और राष्ट्रीय गौरव की दृष्टि से भी एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static