मां से नाराजगी ने बनाया ‘हत्यारा’; हत्या के इरादे से युवक ने खरीदे अवैध हथियार, वारदात से पहले CIA-1 ने साथियों सहित दबोचा

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 03:27 PM (IST)

 हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में मां द्वारा पिता और परिवार को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने चले जाने से नाराज 19 वर्षीय युवक ने उसकी हत्या की साजिश रचते हुए हथियार खरीदा। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर आपराधिक गैंग बनाने की तैयारी कर रहा था।  वारदात को अंजाम देने से पहले ही सीआईए-1 ने उसे साथियों समेत दबोच लिया। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चार अवैध हथियार और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। 

 पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह कार्रवाई सब-इंस्पेक्टर प्रदीप के नेतृत्व में सीआईए-1 की टीम ने की। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई हैं।

उन्होंने बताया कि, विकास नगर निवासी सिकंदर (19), अलीगढ़ निवासी आशीष (24) हाल निवासी विकास नगर हांसी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आशीष हथियार सप्लायर है। दोनों से दो अवैध देसी कट्‌टे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में सिकंदर ने बताया कि उसने अपनी मां की हत्या करने के इरादे से आशीष से हथियार लिया था।

पुलिस के अनुसार, सिकंदर की मां उसके पिता और परिवार को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने लगी थी, जिसके चलते उसके मन में मां के प्रति नाराजगी थी और वह उसकी हत्या करना चाहता था।

पुलिस के अनुसार, सिकंदर इसके बाद अन्य युवकों को साथ लेकर आपराधिक गैंग बनाने की योजना में था। एसपी ने बताया कि हथियार आने के बाद आरोपियों की गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार सप्लायर आशीष को असलहा कहां से मिलता था और उसके संपर्क में और कितने लोग हैं।

इसके अलावा कुतुब गेट निवासी आर्यन (19) को गिरफ्तार कर एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आर्यन भी सिकंदर के साथ आपराधिक गैंग बनाने की तैयारी में था। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला सामने नहीं आया है।

एसपी ने बताया कि मंडी आदमपुर निवासी और हाल हांसी की रैगर बस्ती निवासी विजय (34) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार विजय के खिलाफ आदमपुर में हत्या के प्रयास, डकैती और लड़ाई-झगड़े के मामले दर्ज हैं।  

एसपी ने बताया कि चारों आरोपियों से कुल चार अवैध देसी कट्‌टे और 22 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। एक आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि अन्य को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों की पिछली आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि गैंग बनाने की योजना में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े थे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static