हांसी पुलिस ने टाली बड़ी वारदात; मां की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहे आरोपी सहित 2 गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 07:10 PM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ हांसी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। हांसी CIA-1 के प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया।
पहली कार्रवाई में CIA-1 टीम ने विकास नगर निवासी सिकंदर उर्फ खान को राधिका फैक्टरी के पास से काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अपनी मां की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर आया था। पुलिस ने वारदात से पहले ही उसे पकड़ लिया।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने चार कुतुब गेट निवासी आर्यन को उमरा रोड स्थित दोनों नहरों के बीच वाली पटड़ी से गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर पुलिस द्वारा आगामी जांच की जा रही है। CIA-1 प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हांसी के मार्गदर्शन में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)