अनिल विज ने सेवानिवृत्त IAS डॉ. वी. राजा शेखर वुंड्रू का किया सम्मान, कहा-हर जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाया

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 11:00 AM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सेवानिवृत्त अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) डॉ. वी. राजा शेखर वुंड्रू का उनके लंबे और उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान के लिए सम्मान किया। इस अवसर पर विज ने उन्हें दो शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

अनिल विज ने कहा कि डॉ. राजा शेखर वुंड्रू ने अपने पूरे प्रशासनिक जीवन में जिस भी विभाग की जिम्मेदारी संभाली, वहां अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और दूरदर्शी सोच से उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें जिस विभाग में भी दायित्व सौंपा, उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उसे सफलतापूर्वक निभाया। उनकी कार्यशैली आने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी।

पारदर्शी और परिणाम आधारित प्रशासन के पक्षधर रहे वुंड्रू

डॉ. वी. राजा शेखर वुंड्रू की पहचान एक ऐसे प्रशासनिक अधिकारी के रूप में रही है, जिन्होंने पारदर्शिता, तकनीक के प्रभावी उपयोग, नवाचार और परिणाम आधारित प्रशासन को हमेशा प्राथमिकता दी। उनका मानना रहा कि प्रशासन का वास्तविक उद्देश्य केवल योजनाएं तैयार करना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने परिवहन, श्रम, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कौशल विकास तथा सामाजिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों में कई सुधारात्मक पहल कीं। इन पहलों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक केंद्रित बनाना था।

सुशासन के साथ साहित्य में भी छोड़ी अलग पहचान

डॉ. वुंड्रू केवल एक सफल प्रशासक ही नहीं, बल्कि एक गंभीर चिंतक और लेखक भी रहे हैं। उन्होंने शासन, लोकतंत्र, नेतृत्व, सामाजिक न्याय और सुशासन जैसे विषयों पर अपनी पुस्तकों और लेखों के माध्यम से सार्थक विमर्श को आगे बढ़ाया है।
उनका लेखन प्रशासनिक अनुभव और सामाजिक दृष्टिकोण का संतुलित प्रतिबिंब माना जाता है। उनके विचारों में यह स्पष्ट झलकता है कि एक संवेदनशील प्रशासक केवल नीतियों का क्रियान्वयन नहीं करता, बल्कि अपने अनुभव और चिंतन से समाज को नई दिशा देने का भी प्रयास करता है।

प्रशासनिक सेवा की प्रेरणादायी विरासत

अनिल विज ने कहा कि डॉ. वी. राजा शेखर वुंड्रू का प्रशासनिक जीवन उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि सुशासन का आधार पारदर्शिता, संवेदनशीलता और नवाचार है। उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन में डॉ. वुंड्रू का योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के अधिकारियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी। उनके सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई एवं शुभकामनाएं दीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static