राहुल गांधी हैबिचुअल ऑफेंडर हैं, क्योंकि वह बार-बार एक ही तरह का अपराध कर रहे हैंः अनिल विज

punjabkesari.in Friday, Jul 07, 2023 - 05:56 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी अब ट्रक चलाना, मोटर मैकेनिक व स्कूटर मैकेनिक इत्यादि जैसे दूसरे कामों पर ध्यान दे रहे हैं। वह अब अपनी तरफ ध्यान आकर्षित भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे (राहुल गांधी) आदतन उल्लंघनकर्ता (हैबिचुअल ऑफेंडर) हैं, क्योंकि वह बार-बार एक ही प्रकार का अपराध कर रहे हैं, यह उनकी सोच में शामिल है। 

गृहमंत्री विज ने  आज मीडिया कर्मियों द्वारा गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा राहुल गांधी को कोई भी राहत नहीं देने के संबंध में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि गुजरात उच्च न्यायालय ने राहुल गांधी को कोई राहत नहीं दी है। उन्होंने कहा कि मानहानि का मुकदमा चल रहा है, जिसमें धारा 499 और 500 के तहत उन्हें दो साल की सजा सुनाई गई है। ‘जैसा कि बताया जा रहा है’ कि राहुल गांधी के ऊपर इसी प्रकार के कई और भी केस भी चल रहे हैं, वह आदतन उल्लंघनकर्ता हैं क्योंकि बार-बार उसी प्रकार का अपराध करना दर्शाता है कि यह उनकी सोच में शामिल है।

अनिल विज ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘‘उन पर कई मामले चल रहे हैं शायद इसीलिए अब वे कई दूसरे कामों पर ध्यान दे रहे हैं जैसे ट्रक चलाना, स्कूटर मैकेनिक व मोटर मैकेनिक की तरफ भी ध्यान दे रहे हैं। इसीलिए शायद वे अब उस तरफ अपना ध्यान आकर्षित कर रहे हैं’’। उन्होंने कहा कि यदि सुप्रीम कोर्ट भी राहुल गांधी को राहत नहीं देता है तो सजा तो भुगतनी पड़ेगी। 

यूनिफार्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर देश में चल रही चर्चाओं के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ‘‘एक देश में एक कानून होना चाहिए, अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग कानून नहीं बनाए जा सकते। सरकार को सबको एक ही आंख से देखना चाहिए, सब बराबर हैं और सब एक जैसे हैं। इसलिए यूसीसी का आना अच्छी बात है। 

वहीं यूसीसी के विरोध पर गब्बर बोले कुछ लोगों का कल्चर हो गया है कि उन्होंने हर बात का विरोध करना है और वे लोग विरोध एक्सपर्ट हैं। देश में कोई भी मुद्दा हो जाए तो लोग इन विरोध एक्सपर्ट को बुलाकर लाते हैं कि मुद्दे पर कैसे विरोध किया जाए। उन्होंने कहा कि सबके लिए समान नागरिक संहिता हो, इसके लिए देश में वकालत की जा रही है। 

कांग्रेस नेता दीपेन्द्र हुडडा के हरियाणा में ऑपरेशन रिवर्स लोटस चलाए जाने के बारे में दिए गए बयान के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में  गृहमंत्री विज ने कहा कि लोग कांग्रेस को जवाब दे चुके हैं। अब कांग्रेस आई और कांग्रेस गई बन गई है तथा ये अब चली गई। दीपेन्द्र हुड्डा यदा-कदा बहकते रहते हैं, उनके कहने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लोग भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास की राजनीति पर लोगों का विश्वास बढ़ा है। 

कांग्रेस के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में विज ने कहा कि कांग्रेस अब टुकड़े-टुकड़े पार्टी है, अलग-अलग ग्रुपों में बंटी हुई पार्टी है। दीपेन्द्र हुडडा कुछ घोषणाएं करते हैं, तो शैलजा जी कहती हैं कि इनको घोषणाएं करने का अधिकार नहीं है। इसका मतलब यह हुआ कि हुडडा दिन-रात झूठ बोलते हैं। जबकि कहीं भी उनकी पार्टी में कोई फैसला नहीं हुआ तो इस प्रकार से वे झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि शैलजा भी ठीक कह रहीं हैं कि सरकार तो आनी नहीं हैं इस प्रकार से लोगों को गुमराह किया जा रहा हैं। 

कांग्रेस के भर्ती मामले में उठाए गए सवालों के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में गृह मंत्री ने कहा कि ये कांग्रेस को बोलने का अधिकार नहीं हैं, क्योंकि उनके दस साल के राज में उन्होंने 84 हजार नौकरियां दी, जबकि भाजपा ने लगभग सवा लाख नौकरियां दी हैं। लगभग एक लाख नौकरियां एचकेआरएन के तहत दी गई है और 60 हजार नौकरियां पाईपलाईन में हैं।

                          (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Saurabh Pal

Related News

static