अनिल विज का आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष, बोले - ‘घोटालों की बाप, पार्टी है आप’
punjabkesari.in Saturday, Oct 07, 2023 - 01:49 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने आज अपने ही अंदाज में आम आदमी पार्टी पर तीखा कटाक्ष किया। लगातार आम आदमी पार्टी के मंत्रियों का जेल जाने का दौर जारी है, ऐसे में गृहमंत्री अनिल विज ने कटाक्ष करते हुए कहा कि "घोटाले की बाप पार्टी है आप"। विज ने कहा कि जो पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का नारा देकर सत्ता में आई वह गले तक भ्रष्टाचार में डूब गई है। किसी भी पार्टी के बड़े नेता लगातार भ्रष्टाचार के मामले में अगर जेल में जा रहे हैं तो लोगों को सोच लेना चाहिए कि यह पार्टी कौन से गोल और टारगेट लेकर सत्ता में आई थी।
विज ने आप पार्टी के उन नेताओं से भी सवाल किया जो लगातार केंद्र सरकार पर आरोप लगाते है कि आप पार्टी के नेताओं को जबरदस्ती पकड़ा जा रहा है। इस पर गृह मंत्री अनिल विज ने पूछा कि कोर्ट ने आपका रिमांड दिया, वह क्यों दिया? कोर्ट आप नेताओं की बेल 8 से 10 महीने से रिजेक्ट कर रहा है, आखिर वह क्यों कर रहा है? अनिल विज ने आप पार्टी से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या आपको देश की किसी भी व्यवस्था पर भरोसा नहीं है। क्या कोर्ट गलत है?
वहीं आप पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि "महा घोटालों की बाप पार्टी आप" के नेता अरविंद केजरीवाल बताएं कि आम आदमी पार्टी ने क्या-क्या घोटाले किए हैं। दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने एक बयान में कहा था कि शराब घोटाला की जगह अब किसी और घोटाले में आप पार्टी के नेताओं को केंद्र सरकार गिरफ्तार करवा सकती है। इस पर अनिल विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी खुद ही बता दें कि उन्होंने क्या-क्या घोटाले कर रखे हैं। उसकी लिस्ट वह खुद ही दे दें, जिससे जांच एजेंसी का भी टाइम बचेगा और आप पार्टी का भी टाइम बचेगा।
जैसे-जैसे आम आदमी पार्टी के नेता शराब घोटाले में जेल जा रहे हैं, वैसे-वैसे आम आदमी पार्टी लगातार भाजपा के निशाने पर आती जा रही है। बड़ा सवाल यह है कि जो पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे देकर सत्ता में आई थी उसी के नेता लगातार भ्रष्टाचार के मामलों में क्यों पकड़े जा रहे हैं।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)