एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कामयाबी; 56 लाख की हेरोइन के साथ महिला समेत 2 आरोपी पकड़े, हिसार में करनी थी सप्लाई
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 05:11 PM (IST)
फतेहाबाद (रमेश कुमार) : नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहाबाद एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने अकांवाली बाईपास पुल के नीचे कार्रवाई करते हुए 281 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 56 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व में टीम गश्त और चेकिंग पर थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर अकांवाली बाईपास पुल के नीचे दबिश दी गई। मौके से हर्षदीप उर्फ बग्गा निवासी पीरावाली, हिसार और शरणजीत कौर उर्फ काजल निवासी बठिंडा, पंजाब को काबू किया गया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 281 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर थाना सदर फतेहाबाद में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरामद हेरोइन की सप्लाई पीरावाली, जिला हिसार में की जानी थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
मामले का खुलासा करते हुए DSP जय सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच जारी है और नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)