Haryana: जुलाना में आढ़तियों व किसानों ने कल से मंडी बंद रखने का किया ऐलान, नए नियमों के विरोध में लिया फैसला
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 03:55 PM (IST)
जुलाना (विजेंद्र सिंह) : जुलाना कस्बे की नई अनाज मंडी में आढ़तियों और किसानों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सरकार द्वारा लागू किए जा रहे नए नियमों का जमकर विरोध किया गया। बैठक की अध्यक्षता आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान पवन लाठर ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विरोध स्वरूप कल से मंडी बंद रखी जाएगी और फसलों की खरीद पूरी तरह से ठप रहेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए पवन लाठर ने कहा कि सरकार किसानों और आढ़तियों के हितों की अनदेखी कर लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जो उनके लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर रोज नए-नए नियम लागू किए जा रहे हैं, जिससे मंडी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस बार सरकार द्वारा फसल बेचने आने वाले किसानों के ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट और बायोमीट्रिक प्रणाली को अनिवार्य किया गया है, जिसे आढ़तियों और किसानों ने अव्यवहारिक बताया।
उन्होंने आगे कहा कि मंडी को सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक ही खोलने के आदेश भी पूरी तरह से गलत हैं। किसान अक्सर रात के समय खेतों में कंबाइन से फसल कटाई करते हैं, ऐसे में उन्हें अपनी फसल मंडी तक लाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। आढ़तियों ने इन आदेशों को तुगलकी फरमान” बताते हुए तुरंत वापस लेने की मांग की। बैठक में मौजूद किसानों ने भी अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि सरकार के ये नियम उनके कामकाज में बाधा डाल रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इन नियमों को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)