गुड़गांव पुलिस का कारनामा, मुफ्त राइड नहीं दी तो काट दिया ऑटो का चालान
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 02:19 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव पुलिस सुर्खियों में रहने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। अब ताजा मामला सेक्टर-56 रेपिड मेट्रो स्टेशन के पास का सामने आया है। ऑटो चालक का आरोप है कि यहां वह सवारी के इंतजार में खड़ा था और पुलिसकर्मी ने उससे फ्री राइड मांगी। राइड न देने पर उसका चालान काट दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दरअसल, इंटाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की गई इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक पुलिस का जवान रेपिड मेट्रो स्टेशन के पास खड़े एक ऑटो में बैठ जाता है और ऑटो चालक को चलने के लिए कहता है। ऑटो चालक उसे शालीनता से मना कर देता है और कहता है कि उसने ऑनलाइन बुकिंग एसेप्ट की हुई है और सवारी आने वाली है। ऑटो चालक द्वारा पुलिस जवान को मना करना उसे नागवार गुजरा और पुलिसकर्मी ऑटो से उतर गया और ऑटो की मोबाइल से फोटो खींचने लगा। इस पर ऑटो चालक ने मना भी किया, लेकिन पुलिसकर्मी नहीं माना और उसने ऑटो का ऑनलाइन चालान काट दिया।
ऑटो चालक के कई बार शालीनता से मना करने के बाद भी पुलिसकर्मी अपनी धोंस दिखाता रहा। वीडियो में ऑटो चालक बता रहा है कि वह पहले भी इस पुलिसकर्मी को उसके बताए गए स्थान पर छोड़ चुका है जिसका उसे किराया तक नहीं दिया गया। अगर इन पुलिसकर्मियों को मुफ्त राइड न दी जाए तो यह मनमानी करते हुए ऑटो का चालान काट देते हैं। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।